मोहाली। फेज-1 में वीरवार दोपहर को एचबी मकानों में हाल ही में बनाई बालकनी का लेंटर अचानक गिर गया। घर के मालिक जो डीसी दफ्तर मोहाली में कार्यरत हैं, ने 29 नवंबर को बिना बीम के 20 फीट का छज्जा बढ़ाकर लेंटर डलवाया था। वीरवार दोपहर लेंटर डाले जाने के 12 दिन बाद जब इसे खोला जा रहा था तभी पूरा हिस्सा टूटकर नीचे गिर पड़ा। जो कि नीचे रहते घर नंबर एचबी-134 निवासी मोहन शर्मा के घर के बरामदे में आ गिरा। इससे न केवल बरामदे की ग्रिल टूटी, बल्कि फर्श भी धंस गया। मोहन शर्मा ने बताया कि हादसे से कुछ ही देर पहले बच्चे घर के अंदर चले गए थे, नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था। शर्मा ने बताया कि दोपहर 2:55 बजे पीसीआर को कॉल की लेकिन शहर में सीएम के रूट के चलते पुलिस डेढ़ घंटे बाद पहुंची। उन्होंने कहा कि लेंटर डालते समय ही उन्होंने पड़ोसी को चेतावनी दी थी कि बिना बीम के इतना बड़ा लेंटर सुरक्षित नहीं है, मगर उनकी बात नहीं मानी गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिना तकनीकी जांच और अनुमति के इस तरह के निर्माण गंभीर खतरा पैदा करते हैं। मोहन शर्मा ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर ऐसे निर्माणों पर रोक न लगाई गई, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।