मोहाली। शहर के लोग अब अपने घरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों के नजदीक से ही खरीददारी करके दुग्ध उत्पादकों में दूध, लस्सी, आइसक्रीम और मिठाइयों का स्वाद ले पाएंगे। इतना ही नहीं बेरोजगार लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
जी हां, लोगों को यह सुविधाएं मिलेंगी नगर निगम की ओर से वेरका के 12 जगह बूथ बनाने के लिए जगह अलॉट करने की वजह से। इसके बाद वेरका की ओर से आगे लोगों बूथ अलाटमेंट की प्रक्रिया की जाएगी। इस संबंधी नगर निगम की हाउस की बैठक में प्रस्ताव बनाकर पेश किया गया है। इस प्रस्ताव को हाउस ने मंजूरी दे दी है। हालांकि नगर निगम ने जगह अलॉट करते समय ऐसी कुछ शर्तें लगा दी हैं। जिसके तहत अगर अलॉटी ने नियम तोड़े तो सात दिन में उसकी अलाटमेंट रद्द हो सकती है। वहीं, अब निकाय विभाग की ओर से मंजूरी मिलने के बाद इस प्रस्ताव को लागू कर दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक कुछ समय पहले वेरका की ओर से नगर निगम को पत्र लिखा गया था कि पंजाब के बेरोजगार युवाओं को रोजगार मुहैया करवाकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विभाग काम कर रहा है। ऐसे में उन्होंने नगर निगम के एरिया में 12 जगहों की निशानदेही की है, जहां पर वेरका के बूथ बनाकर उक्त लोगों को मुहैया करवाए जाएंगे। यह वह इलाके हैं, जो पूरी तरह से बस बस चुके हैं। लेकिन अभी तक वहां पर मिल्क बूूथ आदि नहीं हैं। साथ ही वेरका ने अपनी पूरी योजना बताई थी कि वह किन शर्तों के साथ इस प्रोजेक्ट पर काम करेंगे। इसके बाद नगर निगम की ओर से इस संबंधी हाउस की बैठक में मंगलवार को एक प्रस्ताव लाया गया है। प्रस्ताव में सभी शर्तें साफ कर दी गई हैं। इसमें साफ हो गया है कि मिल्क बूथों का होने वाला हर भुगतान वेरका की ओर से नगर निगम को किया जाएगा। इसके अलावा भुगतान न होने की की स्थिति में अलाटमेंट रद्द होगी।
वहीं, अगर भविष्य में मिल्क बूथ वाली जगह नगर निगम द्वारा बसाए जा रहे प्रोजेक्ट में आती है तो उस जगह से बूथ को हटाया जाएगा। बूथ नए और पुराने दोनों सेक्टरों में बनाए जाएंगे।
शहर में जिन जगहों पर वेरका मिल्क बूथ खुलने हैं उनमें सेक्टर-66 में गुरुद्वारे के सामने, फेज-3बी1 में रोज गार्डन के पास, फेज-7 में लाइब्रेरी पार्क में, फेज-9 में लेजर वैली के पास, सेक्टर-70 में पार्क नंबर-32 के पास, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-3 में मैंगो पार्क के नजदीक पीर बाबा दरगाह के पास, फेज-4 में बोगनविलिया पार्क के पास, फेज-10 में सिल्वी के पास, सेक्टर-71, पार्क नंबर 20, 33 और 34 इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7सी, 102 के सामने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8 में सीडेक के नजदीक।
प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं होगा
जानकारी के मुताबिक वेरका की ओर से बनाए जाने वाले बूथों पर प्लास्टिक के सामान का इस्तेमाल नहीं होगा। इस संबंधी पहले ही नगर निगम ने नियम तय कर दिए हैं। इसके अलावा सूखे और गीले कूड़े के लिए अलग से कूड़ेदानों का इंतजाम भी करना होगा। नगर निगम की टीम की ओर से इस चीज पर नजर रखी जाएगी।