मोहाली। वीआईपी जिले में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले कम हो रहे हैं। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन रोजाना हो रही मरीजों की मौत प्रशासन के लिए आफत बन गई है। शनिवार को कोरोना से 16 लोगों की मौत हो गई। जबकि 555 नए संक्रमित मिले हैं और 732 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती। डीसी गिरीश दियालन ने कहा है कि सभी लोग कोविड गाइडलाइन का पालन करें। साथ ही जिस आयु वर्ग में टीकाकरण मुहिम चल रही है। उस आयु वर्ग वाले टीकाकरण करवाकर अपने आपको तंदुरुस्त बनाएं रखें।
वहीं, जिला प्रशासन की ओर से मरने वाले 16 लोगों के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। जो नए संक्रमित मिले हैं उनमें डेराबस्सी से 64, ढकोली से 73, लालड़ू से 33, बूथगढ़ से 58, घडुआं से 21, खरड़ से 111, कुराली से 15, बनूड़ से 9 और मोहाली शहरी एरिया के 172 मरीज शामिल हैं।
प्रशासन ने बताया कि उनकी टीमें कोरोना के अलावा ब्लैक फंगस के मामलों पर नजर रख रही हैं। अब तक जिले के अस्पतालों में पंजाब और हरियाणा से करीब 20 रैफर केस आ चुके हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी कोरोना से निपटने के लिए निजी अस्पतालों से बैठक कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस बीमारी को लेकर लोगों को जागरूक करें, ताकि इस तरह की स्थिति न बनें। लोगों को सलाह दी गई कि किसी भी तरह की शरीर से जुड़ी दिक्कत आने पर हेल्पलाइन नंबर-104 पर कॉल करें। कोवा एप अपने फोन में डाउनलोड कर सरकार द्वारा मुहैया करवाई जा रही सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। जिले में अब तक कोरोना के कुल 64167 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 57107 लोग ठीक हो चुके है। जबकि अभी 6210 सक्रिय मरीज हैं और 850 लोगों की मौत हो चुकी है।