मोहाली। जिले में कोरोना संक्रमण पूरी तरह से गहराया हुआ है। सोमवार को 12 लोगों की महामारी से मौत हो गई, जबकि 535 नए लोग संक्रमित हुए हैं। हालांकि एक दिन में मरने वालों की यह बड़ीं संख्या है। वहीं, दूसरी तरफ प्रशासन के लिए राहत की खबर यह भी रही कि 1042 लोगों ने महामारी को मात देकर जिंदगी की जंग जीती।
डीसी गिरीश दियालन ने लोगों को हिदायत दी है कि सरकार की तरफ से कोरोना को मात देने के लिए जो पाबंदियां लगाई हैं, उनका पालन करें। वरना प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक जिले में कोरोना का संक्रमण पूरी तरह से गहराया हुआ है। चौबीस घंटे में 12 लोगों की मौत होने से प्रशासन के लिए सिरदर्दी बन गई है। हालांकि जानकारों की मानें तो उक्त लोग अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे। वहीं, इस दौरान संक्रमित हुए लोगों में डेराबस्सी के 86, ढकोली के 109, लालड़ू के 8, बूथगढ़ के 13, घडुआं के 30, खरड़ के 77, कुराली के 21, बनूडृ के 8 और मोहाली के सबसे ज्यादा182 केस शामिल हैं।
जिले में कोरोना से अब तक 49085 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 39750 लोग तंदुरुस्त हो चुके हैं और अभी 8713 केस सक्रिय हैं। कोरोना से अब तक 622 लोगों की मौत हो चुकी है। अगर कोरोना से होने वाली मौत की बात करें तो ट्राइसिटी में मोहाली अब तक कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। जबकि चंडीगढ़ और पंचकूला इस मामले में मोहाली से पीछे हैं।
बता दें कि मोहाली प्रशासन की तरफ से कोरोना संक्रमित लोगों की सुविधा के लिए कई तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत जहां होम आइलोशेन में चल रहे मरीजों को कोरोना सेफ्टी किट से लेकर अन्य सामान मुहैया करवाया जा रहा है। मेडिकल हेल्पलाइन नंबर-104 शुरू की गई है। जहां से लोग फोन कर बैड, दवाइयों से लेकर सभी जानकारी हासिल कर पाएंगे। इसके अलावा क्वारंटीन में चल रहे लोगों की काउंसलिंग के लिए स्पेशल दो नंबर शुरू किए गए है। जहां पर सुबह 10 बजे से 4 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।