संवाद न्यूज एजेंसी
खरड़। सफेद एक्टिवा पर सवार दो युवक लगातार महिलाओं से सोने की चेन छीनने की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पिछले पांच दिनों में इन आरोपी युवकों ने अलग अलग तीन स्थानों पर चेन छीनने की घटनाओं को अंजाम दिया है।
पहली घटना खूनीमाजरा रोड पर हुई, जहां दिन दहाड़े किसान मंडी से सब्जी खरीदकर वापस आ रही महिला की पीछे से आकर एक्टिवा सवार दो युवकों ने चेन खींच ली। दोनों वहां से भाग निकलने में सफल हो गये। जिस जगह पर यह घटना हुई, वहां से सदर पुलिस स्टेशन पास में ही है। लेकिन स्नेचरों ने बिना किसी खौफ के दिन दहाड़े घटना को अंजाम दे दिया।
दूसरी घटना गिलको वैली के पास आस्था एनक्लेव के सामने लगने वाली सब्जी मंडी के निकट हुई। यहां एक महिला नैंसी वर्मा अपने पति के साथ रात को करीब 8 बजे सब्जी खरीदने आई थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने उसके गले में पहनी हुई सोने की चेन खींच ली। महिला नैंसी ने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोगों को कुछ समझ आता तब तक स्नेचर अंधेरे का लाभ उठाते हुए गिलको वैली में घुस कर बाहर लाने वाले रास्ते से फरार हो गए।
तीसरी घटना गिलको इंटरनेशनल स्कूल के पास हुई। गिलको वैली में रह रही 68 वर्षीय उर्मिला सुबह अपने घर से बाहर निकल कर सैर कर रही थी। तभी एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने पीछे से आकर उसकी चेन खींच ली और फरार हो गए।
खरड़ सिटी पुलिस ने घटना स्थल के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरे चेक किए हैं, लेकिन इनमें कोई खास वीडियो पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। पलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास कर रही है।