फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: ढकोली में ग्रोसरी स्टोर का शटर उखाड़कर 40 हजार का नकदी और सामान किया पार

विज्ञापन
विज्ञापन
सीसीटीवी में कैद हुए दो चोर, दुकानदार ने सुबह सात बजे पुलिस को दी शिकायत, शाम चार बजे तक नहीं पहुंचा कोई कर्मचारी
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। ढकोली क्षेत्र की प्रगति मार्केट में वेंडी किचन एंड ग्रोसरी स्टोर से करीब 40 हजार रुपये का सामान और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। यह वारदात रात करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच हुई। चोरों ने लोहे की रॉड से दुकान का शटर उखाड़कर चोरी को अंजाम दिया। चोरी की यह घटना पड़ोस की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दो युवक चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। दुकान मालिक परविंदर सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह करीब साढ़े पांच बजे दूध की सप्लाई देने के लिए दुकान पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर दुकान से 18 से 19 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। इसके साथ ही करीब 20 हजार रुपये का सामान भी चोरी हो गया था। चोरी हुए सामान में देसी घी, चॉकलेट और ब्लूटूथ स्पीकर शामिल हैं। परविंदर सिंह ने सुबह करीब सात बजे ही ढकोली पुलिस को चोरी की शिकायत दी थी। हालांकि, शाम चार बजे तक कोई भी पुलिस कर्मचारी घटनास्थल का जायजा लेने नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि मार्केट में दुकानदारों की सुरक्षा राम भरोसे है। दुकानदारों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदात पर अंकुश लगाने की मांग की है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
चोरी की शिकायत लेने को लेकर भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ड्यूटी ऑफिसर अमृत पाल सिंह ने बताया कि उनकी ड्यूटी सुबह आठ बजे समाप्त हो गई थी। वहीं, दिन में ड्यूटी ऑफिसर निर्मल सिंह ने कहा कि उनकी ड्यूटी सुबह आठ बजे शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि चूंकि मामला रात का है, इसलिए यह शिकायत उनकी नहीं है। ऐसे में दुकानदार शिकायत देने के बावजूद पुलिस कर्मचारियों के बीच जिम्मेदारी को लेकर उलझा रहा। चोरों ने लोहे की रॉड का इस्तेमाल कर दुकान का शटर ऊपर उठाया। वे दुकान के अंदर घुसे और करीब आधे घंटे तक चोरी करते रहे। यह पूरी वारदात पड़ोस की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दो युवक चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन



एसएचओ ने दिए जांच के आदेश

मामले की जानकारी मिलने पर थाना ढकोली के एसएचओ अमनदीप सिंह ने संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि वह तुरंत पुलिस टीम भेजकर घटनास्थल का निरीक्षण करवाएंगे। एसएचओ ने यह भी बताया कि वह दोनों ड्यूटी ऑफिसरों से इस संबंध में पूछताछ करेंगे। उन्होंने दुकानदारों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग पर भी विचार करने की बात कही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें