मोहाली। कोरोना महामारी से बचाव के लिए जिले के सात सरकारी और 27 निजी अस्पतालों में कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण की मुहिम चल रही है। टीकाकरण के लिए वरिष्ठ नागरिकों को बिना किसी डर के आगे आकर टीका लगवाना चाहिए। 60 साल या इससे अधिक उम्र वाले बुजुर्ग सरकारी सेहत संस्थाओं में मौके पर जाकर अपने नाम का पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा 45 से 60 साल के व्यक्ति (जिन्हें कोई बीमारी हो), सेहत कर्मचारियों और फ्रंट लाइन कर्मचारियों को टीका लगाया जा रहा है।
वहीं जो सरकारी अस्पताल हैं वहां पर टीकाकरण मुफ्त किया जा रहा है। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने दी है। इस दौरान उन्होंने सहायक सिविल सर्जन डॉ. रेनू सिंह के साथ कोविड टीकाकरण प्रबंधों के इंतजाम का जायजा लेने के लिए सब डिवीजन अस्पताल खरड़ का दौरा किया। साथ ही अस्पताल के एसएमओ डॉ. मनोहर सिंह से इस संबंधी पूरी जानकारी हासिल की। उन्होंने बताया कि इस दौरान सीनियर सिटीजन एसोसिएशन मोहाली के प्रधान जेएस ठाकुर, प्रिंसिपल एस चौधरी, सुखविंदर सिंह बेदी और अन्य ने अस्पताल पहुंचकर टीका लगवाया।