मोहाली। सेक्टर-67 में बी रोड पर अवैध पार्किंग रहवासियों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। स्थानीय मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आने वाले लोग अपनी गाड़ियां आवासीय सड़क पर खड़ी कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम और आवाजाही में भारी दिक्कत हो रही है। इस मुद्दे को लेकर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने गमाडा से हस्तक्षेप की मांग की है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एनएस कलसी ने बताया कि मकान नंबर 2601 से 2613 के सामने हालात सबसे खराब हैं, जहां गाड़ियों के कारण घरों के गेट बंद हो जाते हैं और दोपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी अशोक घई ने बताया कि मकान नंबर 2614 के आगे सड़क के बीचों-बीच वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे कई बार एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरडब्ल्यूए ने गमाडा से तत्काल निरीक्षण और कार्रवाई की मांग की है।