जीरकपुर। बलटाना क्षेत्र स्थित रविंद्रा एन्क्लेव एक्सटेंशन-2 में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर परिषद ने कार्रवाई करते हुए कई निर्माण ध्वस्त कर दिए। कार्यकारी अधिकारी के आदेश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान नई इमारतें बनाने के लिए भरी गई नींवों को भी तोड़ दिया गया। कार्रवाई एटीपी सरबजीत सिंह और ड्राफ्ट्समैन काजल की मौजूदगी में की गई। नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार, अवैध निर्माण को लेकर पहले दो नोटिस जारी किए गए थे।
जमीन मालिक को भी नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद विभाग ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर कार्यकारी अधिकारी के आदेश पर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया।
रजिस्ट्री पर रोक लगाने के लिए भेजा पत्र: रविंद्रा एन्क्लेव एक्सटेंशन-2 में अवैध निर्माण को लेकर नगर परिषद को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित जमीन का नक्शा पास नहीं कराया गया था और जमीन मालिक की ओर से भी जरूरी दस्तावेज पेश नहीं किए गए। नगर परिषद ने इस क्षेत्र की रजिस्ट्री पर रोक लगाने के लिए तहसील कार्यालय को पत्र भी भेजा है, ताकि लोग जमीन खरीदने से पहले सतर्क रहें।