मोहाली। युद्ध नशों के विरुद्ध मुहिम के तहत कार्रवाई करते हुए मोहाली पुलिस ने सोमवार को थाना बलौंगी के अधिकार क्षेत्र में गांव जुझार नगर में नशा तस्कर पिता-पुत्र के अवैध निर्माण को गिरा दिया। यह कार्रवाई एनडीपीएस व आबकारी एक्ट सहित 12 आपराधिक मामलों में शामिल बाप बेटे के खिलाफ की गई है। एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि यह कार्रवाई डीजीपी पंजाब गौरव यादव के निर्देश पर की गई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास व पंचायत विभाग के निवेदन के जवाब में गैर कानूनी निर्माण को गिराया गया है। पिता-पुत्र ने पंचायती जमीन पर नाजायज कब्जा कर निर्माण कर लिया था। ग्रामीण विकास व पंचायत विभाग ने गिराने के लिए जिला पुलिस से मदद मांगी थी। एसएसपी हंस ने बताया कि आरोपी मलकीत सिंह के खिलाफ वर्ष 2018 से 2024 तक सात मामले दर्ज थे। इनमें एनडीपीएस एक्ट के अधीन दो, आबकारी एक्ट के अधीन तीन और आईपीसी के अधीन दो अन्य मामले शामिल थे। यह सभी मामले थाना बलौंगी में दर्ज है। उसके बेटे हैप्पी के नाम पर बलौंगी पुलिस स्टेशन में वर्ष-2018 से 2025 के बीच पांच एफआईआर दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के दो, आबकारी एक्ट का एक और दो अन्य मामले शामिल हैं। एसएसपी हंस ने बताया कि मोहाली पुलिस नशा स्कूलों के लिए जीरो सहनशीलता की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि जब पंचायत विभाग ने गैरकानूनी तौर पर कब्जे वाली जमीन को दोबारा हासिल करने के लिए पुलिस से सहायता मांगी तो डीएसपी खरड़ करण संधू के नेतृत्व में एक पुलिस टीम को निर्माण कार्य गिराने की कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर तैनात किया गया था। एसएसपी हंस ने बताया कि मौके पर एसपी दीपिका सिंह भी मौजूद थी।