जीरकपुर। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे स्थित सिंहपुरा चौक इन दिनों यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। यहां बीते करीब एक साल से अवैध बस स्टैंड संचालित हो रहा है, जिसने न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को चरमरा दिया है, बल्कि हर दिन संभावित सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ा दिया है। स्थिति यह है कि हाईवे के बीचों-बीच बसें खड़ी कर सवारियां भरी जाती हैं और उतारी जाती हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बाधित होती है।
यह समस्या केवल बसों तक सीमित नहीं है। चौक के आसपास टैक्सी और ऑटो चालकों ने भी अपना अस्थायी स्टैंड बना लिया है। सवारियों की तलाश में ये वाहन चालक सड़क किनारे और कई बार बीच सड़क पर ही खड़े हो जाते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाती है।
सिंहपुरा चौक पर सुबह से लेकर देर रात तक बसों की आवाजाही बनी रहती है। अंबाला, दिल्ली और आसपास के शहरों के लिए जाने वाली बसें यहां रुककर यात्रियों को बैठाती हैं। इस दौरान यात्रियों की भीड़ सड़क पर जमा हो जाती है, जिससे कई बार लंबा जाम लग जाता है।- कुलवंत सिंह
हाईवे पर तेज गति से आने वाले वाहन अचानक धीमे पड़ जाते हैं, जिससे पीछे से आने वाले वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार छोटे-मोटे हादसे हो भी चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद भी ट्रैफिक पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती है।- सतबीर सिंह
बसें निर्धारित स्थान पर न रुककर सीधे हाईवे के बीच या किनारे पर खड़ी हो जाती हैं। इससे अन्य वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। इस तरह का अवैध ठहराव सड़क सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन है। - जरनैल सिंह
बसों के अलावा टैक्सी और ऑटो चालकों ने भी इस स्थान को अपनी कमाई का जरिया बना लिया है। सवारी की तलाश में ये चालक सड़क किनारे खड़े होकर आवाज लगाते हैं और कई बार अचानक सड़क पर वाहन रोक लेते हैं।इससे हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।- नरेंद्र कुमार
बस स्टैंड के लिए सिंहपुर चौक के पास कोई जगह नहीं है। हालांकि सिंहपुर चौक से आगे मैगडी और सिंहपुरा चौक के बीच में एक बस स्टैंड नगर परिषद ने बनाया हुआ है। ट्रैफिक पुलिस को सभी बसों को उसे बस स्टैंड पर ही रुकवाना चाहिए। - परविंदर सिंह भट्टी, ईओ नगर परिषद जीरकपुर
सिंहपुरा चौक पर यातायात को कंट्रोल करने के लिए हमारे जवान तैनात रहते हैं। बस स्टैंड की जानकारी लेकर इस अव्यवस्था में जल्द ही सुधार कराया जाएगा।- मनफूल सिंह, ट्रैफिक इंचार्ज, जीरकपुर