मोहाली। कोविड काल में नौकरी की तलाश में जो लोग सरकार द्वारा आयोजित किए जाने वाले रोजगार मेलों में अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं उन्हें वीरवार तक रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी है। जिन्होंने अभी तक विभाग की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन नहीं किया है तो उनके हाथ से यह मौका निकल सकता है।
दरअसल 24 सितंबर से 30 सितंबर तक चलने वाले रोजगार मेलों के लिए वीरवार तक ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया होगी। यह जानकारी डीसी गिरीश दियालन ने दी। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले पूरे पंजाब में आयोजित किए जाएंगे। इनमें 361 कंपनियां युवाओं का चयन करने के लिए पहुंच रही हैं। वहीं, इस दौरान 90,000 हजार नौकरियां दी जाएंगी। मोहाली में यह रोजगार मेला सीजीसी लांडरां में आयोजित किया जाएगा। डीसी ने कहा कि जिन आवेदकों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है वे तय समय अवधि तक आवेदन कर दें। आवेदन के लिए www.pgrkam.com पर अपने नाम और पासवर्ड के साथ लॉगिन करना होगा। इसके बाद दिए गए लिंक पर क्लिक करके रोजगार मेले के लिए आवेदन किया जा सकता है। उम्मीदवार इस संबंध में किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 78142-59210 पर फोन कर जिला ब्यूरो ऑफ इंप्लाइमेंट एंड बिजनेस, मोहाली से संपर्क कर सकते हैं। निजी क्षेत्र के नामी बैंकों के अलावा कई कंपनियां मेले में आ रही हैं। इस दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। कोशिश यही है विद्यार्थियों के लिए वर्चुअल इंटरव्यू का इंतजाम किया जाए, जिससे सामाजिक दूरी बनी रहे।