मोहाली। आपका अपना ऐसा स्टार्टअप जो स्वच्छता से जुड़ा है तो आपके स्टार्टअप को गति देने के लिए इनोवेशन मिशन पंजाब और आईआईटी रोपड़ टेक्नोलॉजी इनोवेशन फाउंडेशन अवध यानी एग्रीकल्चर एंड वॉटर डेवलपमेंट हब और इंडिया सेनिटेशन कोएलिशन ने स्वच्छ एक्सेलेटर प्रोग्राम शुरू किया है। इसके माध्यम से जल, स्वच्छता में काम करने वाले स्टार्ट-अप सशक्त बन सकेंगे। दस माह के इस प्रोग्राम के अंतर्गत 12 स्टार्टअप का सेलेक्शन किया जाएगा। इसके लिए 18 अप्रैल से 20 अप्रैल तक आवेदन किए जा सकेंगे। इस प्रोग्राम में स्टार्टअप का मार्गदर्शन, उनकी क्षमताओं में इजाफा और उनके स्टार्टअप के लिए बेहतर रोडमैप तैयार करवाया जाएगा। इसके साथ उनको मौका दिया जाएगा कि वह इनवेस्टर से मिल सकें और अपने बिजनेस आइडिया को शेयर कर सकें। इस कार्यक्रम में डेमो दिवस के दौरान स्टार्टअप को फंडिंग जुटाने का मौका मिलेगा। जिसके दौरान वह अपने आइडिया को इनवेस्टर्स को दिखा सकेंगे। इनोवेशन मिशन पंजाब के सीईओ और मिशन डायरेक्टर सोमवीर आनंद ने कहा कि आईआईटी रोपड़ एडब्ल्यूएडीएच-अवध के टेक्निकल असिस्टेंट को इसमें शामिल किया गया है, जिससे कि स्टार्टअप्स का सेलेक्शन बेहतर ढंग से किया जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं में एंटरप्रेन्योरशिप की भावना को बढ़ाने के लिए यह प्रोग्राम तैयार किया गया है।
इस मौके पर प्रोफेसर राजीव आहूजा (डायरेक्टर - आईआईटी रोपड़ और आईआईटी गुवाहाटी) ने कहा कि यह स्वच्छ एक्सेलेरेटर प्रोग्राम रिसर्च एंड डेवलपमेंट, इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए एक सार्थक प्रयास है। इस प्रोग्राम में स्वच्छता और जल प्रबंधन में उद्यमिता, स्वच्छ, स्वस्थ भविष्य के लिए स्केलेबल समाधान विकसित करने के लिए स्टार्ट-अप को संसाधन प्रदान करना है। इस मौके पर इनोवेशन मिशन पंजाब के चेयरमैन प्रमोद भसीन ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और सतत विकास के मुद्दों को लेकर तैयार किया गया यह प्रोग्राम एंटरप्रेन्योरशिप डवलपमेंट के साथ ही लाखों लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में कारगर साबित होगा। इंडिया सेनिटेशन कोएलिशन (आईएससी) और पूर्व प्रेसिडेंट-फिक्की नैना लाल किदवई ने कहा कि यह शानदार प्रयास है।