मोहाली। ट्रैफिक पुलिस के थानेदार पर इनोवा क्रिस्टा कार चढ़ाने की कोशिश करने के मामले में थाना फेज-एक की पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है, ताकि आरोपी का कोई सुराग लगाया जा सके। पुलिस को दी शिकायत में रोशन लाल ने बताया कि वह ट्रैफिक पुलिस में बतौर थानेदार तैनात है। बुधवार को वह अन्य पुलिस मुलाजिमों के साथ फेज-पांच में ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान फेज-3-5 की लाइटों वाली तरफ से एक इनोवा क्रिस्टा कार आई। उन्होंने चालक को नाके पर चेकिंग के लिए रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय कार उन पर चढ़ाने की नियत से और तेज भगा ली। वह अचानक एक ओर हो गए और आरोपी की कार वहां पर लगाए गए बैरिकेड्स से जा टकराई। इस दौरान आरोपी वहां से मौका पाकर फरार हो गया। उन्होंने कहा कि भले ही हादसे में जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन जिस तरह से आरोपी कार लेकर भागा था उससे वह कार की चपेट में आ सकते थे। उन्होंने कार का नंबर नोट कर केस दर्ज कर लिया है। बता दें कि इस तरह का यह पहला मामला नहीं है, पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। एयरपोर्ट रोड पर नाके पर एक ट्रैफिक पुलिस मुलाजिम पर कार चढ़ा दी गई थी। इस वारदात में उसकी टांगें टूट गई थीं।