मोहाली। शहर में बने सार्वजनिक शौचालय के मुलाजिम वेतन न मिलने के कारण संघर्ष की राह पर आ गए हैं। मुलाजिमों ने नगर निगम को चेतावनी दी है कि अगर उन्हें तुरंत भुगतान नहीं किया गया तो वह सुलभ शौचालय पर 15 जुलाई से तालाबंदी कर देंगे। इस दौरान लोगों को होने वाली परेेशानी के लिए नगर निगम जिम्मेदार होगा। इस संबंधी उनकी की तरफ से निगम कमिश्नर को एक मांग पत्र सौंप दिया गया है।
मुलाजिमों का कहना है कि वह मजबूरी में संघर्ष की राह पर आए हैं। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है। जानकारी के मुताबिक नगर निगम की ओर से शहर की विभिन्न मार्केटों और पार्कों में शौचालय बनाए हुए हैं। जिनकी देखरेख का पूरा जिम्मा एक निजी कंपनी द्वारा उठाया जाता है। इसी बीच सोमवार को शौचालय में काम करने वाले मुलाजिम स्वच्छ भारत एकता समिति के बैनर तले इकट्ठे हुए। उनका आरोप है कि शौचालय की जिम्मेदारी संभाल रही कंपनी की तरफ से उन्हें परेशान किया जा रहा है। न तो उनके बकाया पैसे दिए जा रहे हैं और न ही वेतन समय से मिल रहा है। इस कारण मुलाजिमों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। इससे लोगों के घरों का खर्च निकालना मुश्किल हो गया है। मुलाजिमों का आरोप है कि इस काम में निगम के अधिकारी भी कंपनी का साथ दे रहे हैं। जिसकी वजह से उनके पैसे फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर तय समय में भुगतान नहीं किया तो वह संघर्ष करेंगे।
बता दें कि सफाई मुलाजिमों के वेतन की दिक्कत काफी समय से आ रही है। जिसकी वजह से इलाके के लोगों को दिक्कत उठानी पड़ती है। समाजसेवी जगदेव सिंह का कहना है कि नगर निगम को ऐसी कंपनियों पर कार्रवाई करनी चाहिए तो कि मुलाजिमों का शोषण करती हैं। अगर कंपनी पर कार्रवाई होगी तो दोबारा इस प्रकार की स्थिति नहीं बनेगी।