नयागांव। न्यू चंडीगढ़ मुल्लांपुर में मंगलवार को देर रात अज्ञात लोगों ने मुल्लांपुर के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर जसवीर सिंह के घर पर चार गोलियां दागी गई हैं। इसके बाद मुल्लांपुर पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टर लकी पटियाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 384, 506, 427, 34 के तहत और आर्म्स एक्ट 25-54-59 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक जसवीर सिंह उर्फ काका प्रॉपर्टी का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसको विदेश के मोबाइल नंबरों से फोन आ रहे थे और एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की जा रही थी। उसको रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इसके बाद 31 जनवरी की देर रात साढ़े 12 बजे उनके घर पर किसी ने गोलियां चलाई जो कि उनके घर के गेट और वहां खड़ी गाड़ी पर भी लगी हैं। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच करने के बाद गैंगस्टर लकी पटियाल के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।