लांडरां/बनूड़। गांव मनौली सूरत की ग्राम पंचायत ने बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि अगर गांव का कोई भी लड़का या लड़की गांव में शादी करता है तो दोनों पक्षों का सामूहिक बहिष्कार किया जाएगा और उन्हें गांव में नहीं रहने दिया जाएगा। इसके अलावा, ग्राम सभा द्वारा अन्य प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए। इस ग्राम सभा में विशेष बैठक की जानकारी देते हुए गांव के सरपंच सलिंदर सिंह, बलजीत कौर, जसपाल कौर, पंचायत सदस्य तरसेम सिंह, ठेकेदार जसविंदर सिंह, डॉक्टर भूपिंदर सिंह, पूर्व सरपंच गज्जन सिंह और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव की ग्राम सभा द्वारा एक विशेष बैठक बुलाई गई थी जिसमें यदि गांव का कोई भी व्यक्ति नशा करता है या बेचता है तो गांव का कोई भी व्यक्ति, नंबरदार, सरपंच, पंचायत सदस्य उसकी जमानत या गवाही नहीं देगा। यदि कोई भी व्यक्ति प्रस्ताव का उल्लंघन करता है, तो उस पर समय के अनुसार जुर्माना लगाया जाएगा। इसी प्रकार, यदि गांव का कोई भी निवासी किसी प्रवासी को अपने घर में किराये पर रखता है, तो वह इसके लिए जिम्मेदार होगा और पुलिस सत्यापन करवाकर उसकी एक प्रति पंचायत को देगा। यदि मालिक पुलिस सत्यापन नहीं करवाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग बच्चों को नशीला पदार्थ दुकान पर खरीदने भेजा तो व्यक्ति पर भी 10 हजार रुपये जुर्माना
यदि गांव का कोई भी व्यक्ति अपने नाबालिग बच्चे को बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थ खरीदने के लिए दुकान पर भेजता है और दुकानदार भी बच्चों को नशीला पदार्थ देता है तो ऐसा करने वाले व्यक्ति या दुकानदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। गांव में बधाई लेने वाले किन्नरों को आपसी सहमति से शादी करने पर 2100 रुपये और लड़के के जन्म पर 1100 रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से गांव में भिखारियों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस मौके पर सनवीर सोनी, जसवीर सिंह पंच, गुरुमीत सिंह पंच, चरणजीत सिंह, जिंदर कौर, रघवीर सिंह, बलजीत सिंह, गुरजंट सिंह, महिंदर सिंह, वीर सिंह, लाभ सिंह, नत्थू राम, पाल राम समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।
फोटो कैप्शन
लांडरां/बनूड़।ग्राम सभा द्वारा पारित प्रस्तावों की जानकारी देते फोटो सरपंच व अन्य