स्वाड़ा में हुए फर्जी टी-20 लीग को श्रीलंका का मैच बताकर करोड़ों का सट्टा लगाने के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस ने अब फर्जी मैच में खेले 22 खिलाड़ियों का सारा रिकॉर्ड जुटा लिया है। साथ ही उनके बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। पहले चरण में दो खिलाड़ियों के बयान दर्ज किए हैं। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि जल्दी ही अन्य खिलाड़ियों को बुलाया जाएगा। इसके साथ ही मैच का प्रसारण करने वाले कंपनियों को भी नोटिस भेजे गए हैं। उनसे जवाब मांग कर अपनी स्थिति साफ करने को कहा गया है क्योंकि जिन साइट्स पर मैच का प्रसारण हुआ है, वह छोटी साइट्स नहीं है बल्कि खेल की दुनिया में उनका पूूरा नाम चलता है।
जानकारी के अनुसार जैसे ही मोहाली पुलिस ने इस फर्जी लीग का खुलासा किया था। इसके बाद एक कंपनी ने मुंबई पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। हालांकि पता चला है कि जब से इस मैच में खेले खिलाड़ियों को पता चला है कि यह मैच फर्जी था। उसके बाद से वे भी सहमे हुए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ खिलाड़ियों को यह भी डर सता रहा है कि इस चक्कर में उनका करिअर ही खराब न हो जाए क्योंकि उन्हें तो यह पता तक नहीं था कि जिस गेम्स में वे खेलने जा रहे हैं, वह पूरी तरह से फर्जी है।
पुलिस अब आरोपियों से रिकवरी में जुटी
जानकारी के मुताबिक पुलिस अब इस मामले में पैसे की रिकवरी में जुटी हुई है। आरोपियों के बैंक अकाउंट से लेकर उनकी प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड जुटाया रहा है ताकि केस को मजबूत बनाया जा सके। सीनियर पुलिस अधिकारियों की माने तो इस केस में रिकवरी अहम रहेगी। इसी आधार पर पुलिस अदालत में केस को मजबूती से पेश कर पाएगी। वरना जैसे पहले दो लोगों की जमानत हो गई है, वैसे ही अन्य भी निकल जाएंगे।
हरियाणा में भी कोविड काल में करवाया था टूर्नामेंट
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोनीपत से पकड़ा गया दुर्गेश काफी शातिर है। वह कई और मैच भी करवा चुका है। पता चला है कि कोविड काल में भी आरोपी ने हरियाणा में एक टूर्नामेंट करवाया था। यह टी-10 टूर्नामेंट था जो दो से आठ जून तक चला था। पुलिस इसकी भी जानकारी जुटा रही है। हालांकि सीधे तौर पर यह कोविड के नियमों के खिलाफ है। इसकी लाइव स्ट्रीमिंग हुई थी।
वहीं इससे पहले फरवरी में दुर्गेश टी-20 मैच गोआ, जयपुर व दिल्ली में करवा चुका है। इसके अलावा क्लब टूर्नामेंट और ग्रामीण एरिया में भी टूर्नामेंट करवाता रहा है।