मोहाली। हाउसफेड पंजाब के सेवानिवृत्त और कार्यरत कर्मचारियों की वर्षों से लंबित बकायों को लेकर चल रहे विवाद के बीच राहत की खबर सामने आई है। रजिस्ट्रार सहकारी सभाएं पंजाब गिरीश दियालन ने कर्मचारियों और पेंशनर्स की मांगों को जल्द निपटाने का भरोसा दिया है। शुक्रवार को पंजाब और यूटी एक्शन कमेटी और हाउसफेड जत्थेबंदी का प्रतिनिधिमंडल रजिस्ट्रार और प्रबंधन अधिकारियों से मिला। प्रतिनिधिमंडल में कमेटी के प्रधान करतार सिंह पाल, कुलबीर सिंह भंगू और हाउसफेड के प्रधान काका सिंह शामिल थे।
उन्होंने कर्मचारियों की लंबित मांगों जिसमें वार्षिक पदोन्नति, 5% अंतिम राहत और 6वें वेतन आयोग का बकाया शामिल है, को लेकर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पंजाब सरकार ने 1 जनवरी 2016 से 6वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू कर दी थीं, मगर हाउसफेड की ओर से अब तक कर्मचारियों को इनका लाभ नहीं दिया गया। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों और काम कर रहे कर्मचारियों दोनों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। रजिस्ट्रार ने कर्मचारियों की बात सुनने के बाद हाउसफेड अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित बकाया जल्द जारी किए जाएं।
इसमें 6वें वेतन आयोग का लाभ, अंतिम राहत शामिल हैं। इसके लिए बनूड़, मोहाली और कपूरथला में स्थित हाउसफेड की संपत्तियों, कर्ज वसूली और अन्य आर्थिक स्रोतों से धन जुटाया जाएगा, ताकि बकाया भुगतान में देरी न हो। बैठक में हाउसफेड की ओर से बलजिंदर कुमार, मोनिका सैनी और मिस्टर सोनी मौजूद रहे, जबकि कर्मचारी संगठनों की ओर से रणजीत सिंह, निर्मल सिंह और अशोक कुमार सहित कई प्रतिनिधि शामिल हुए।