जीरकपुर। ढकोली इलाके के एमएस एन्क्लेव स्थित एक मकान में शनिवार शाम संदिग्ध हालात में आग लग गई। इस बीच घर में परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सबमर्सिबल पंप आदि से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने मामले की जानकारी दमकल विभाग के अधिकारियों को भी दी। आग की सूचना मिलते ही जीरकपुर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और फायर टेंडर की मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।जानकारी के मुताबिक दोपहर 3:30 बजे ढकोली इलाके के एमएस एन्क्लेव में मकान नंबर- 32 से लोगों ने धुआं निकलता देखा और मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी, सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड कर्मियों को एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने से घर में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घर की मालकिन दिवांशी अरोड़ा ने बताया कि वह इस वक्त घर में मौजूद नहीं थीं। उन्हें पड़ोसी से सूचना मिली थी कि उनके घर में आग लग गई है। फायर ऑफिसर राजीव कुमार ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम को करीब 4 बजे सूचना मिली और शाम 5 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।