हमलावरों द्वारा तोड़ी गई कार। संवाद
मोहाली/जीरकपुर। बलटाना-पंचकूला रोड पर बने होटल संगम के मालिक पर हमला कर चार लोगों ने उनको घायल कर दिया। आरोपियों ने होटल में लगा एलईडी और नई गाड़ी के शीशे तोड़ने के साथ ही पर्स में रखे 50 हजार रुपये लूट लिए। राॅड और बेसबैट की चोट से होटल मालिक का सिर फट गया। लोहगढ़ के वार्ड नंबर-9 निवासी होटल मालिक घायल धर्मपाल को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया गया है। वहां उनके सिर में 24 टांके लगे हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता धर्मपाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 20 अप्रैल को धर्मपाल अपने होटल में काउंटर सीट पर बैठा था। शाम 7.30 पर चार लोग उसके होटल में दाखिल हुए। एक युवक के हाथ रॉड, दूसरे ने बेसबैट और तीसरे ने पत्थर पकड़ा था। उन्होंने आते ही उसके सिर पर रॉड से हमला किया। वह नीचे गिरा तो सभी उसे पीटने लगे। जिसके हाथ में पत्थर था, उसने पत्थर मारकर होटल में लगी एलईडी तोड़ दी। वह अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागा तो उन्होंने उसकी गाड़ी के बाहर उसे घेर लिया। उसकी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी के सभी शीशे तोड़ दिए।
एक हमलावर ने गाड़ी से उसका पर्स निकाला और उसमें रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए। शोर सुनकर उसकी पत्नी प्रीत और एक व्यक्ति कंवलजीत निवासी लोहगढ़ वहां आ गए। हमलावरों ने उसकी पत्नी को दोबारा धमकी दी कि अगर धर्मपाल ने रणजीत सिंह, अंकित, सोनू और गगन से समझौता नहीं किया तो वह उनको जान से मार देंगे। इसके बाद हमलावर भाग गए। पुलिस ने बयान दर्ज करने के उपरांत अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया।
यह है मामला
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने बलटाना-पंचकूला हाईवे पर होटल संगम लीज पर लिया हुआ है। इस होटल को वे खुद चला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 19 अप्रैल को रणजीत सिंह निवासी होटल सुबाता, अंकित उर्फ छोटू, गगन और सोनी निवासी होटल-24 बलटाना ने उसकी पत्नी प्रीत को धमकी दी है कि वह उन पर डाला केस वापस ले, नहीं तो उन्हें गंभीर नतीजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने उसे होटल छोड़ने की भी धमकी दी है। उसकी पत्नी प्रीत ने केस वापस लेने से मना कर दिया।
हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने के लिए छापा मार रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा। - सतनाम सिंह, चौकी इंचार्ज, बलटाना