मोहाली। कुराली के सिविल अस्पताल में गर्भवती महिला की ओर से बाथरूम में बच्चे को जन्म देने का मामला गर्मा गया है। इसको लेकर सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने शुक्रवार को खुद कुराली सिविल अस्पताल का दौरा किया। इसके साथ ही अधिकारियों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने सीएमओ डॉ. भूपिंदर सिंह को सख्त हिदायत दी है कि अस्पताल में ऐसे प्रबंध किए जाएं कि दोबारा भविष्य में ऐसी घटना न हो। सिविल सर्जन ने पीड़ित महिला से भी मुलाकात कर उसका हाल जाना। उन्होंने सीएमओ से कहा कि लेबर रूम के पास ही दो बिस्तरों का विशेष एंटीनेटल रूम तैयार किया जाएगा, ताकि गर्भवती महिलाओें को उक्त कमरे में रखा जा सके और उनकी काउंसिलिंग की जा सके।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समझाया जाए कि बाथरूम आदि जाने से पहले अस्पताल स्टाफ को बताकर ही जाएं। सिविल सर्जन ने कहा कि गर्भवती ज्योति देवी अस्पताल के स्टाफ को बिना बताए बाथरूम चली गई थी। जिस कारण अचानक ऐसी घटना हुई है। अस्पताल में खाली पड़े पदों और डॉक्टरों के पदों की सूची पहले ही अधिकारियों को भेज दी गई। इस मौके पर परिवार भलाई अफसर डीएफपीओ डॉ. निधि और अन्य अधिकारी मौजूद थे। बता दें कि अमर उजाला ने इस मामले को गंभीरता से उठाया था।