नयागांव। गांव सैनीमाजरा के नरिंदर सिंह की लावारिस सांड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा पीआर-7 रोड के ओमेक्स चौक के पास हुआ। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। दो लावारिस सांड़ आपस में लड़ रहे थे। इसी दौरान नरिंदर सिंह दुकान बंद कर शुक्रवार रात को वहां से गुजर रहे थे।
एक सांड़ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। नरिंदर सिंह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में अब उनकी पत्नी और करीब दस वर्षीय एक बेटा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं पर तुरंत नियंत्रण करने की मांग की है। उनका कहना है कि सैनीमाजरा में लावारिस पशुओं के कारण यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। लोगों ने अपील की है कि यदि लावारिस पशुओं की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से ठोस और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है ताकि निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सके।