मोहाली। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने शहर में यातायात दबाव कम करने के लिए एक नई सड़क परियोजना शुरू की है। इसके तहत फेज-9 और पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) के बीच एक नया हाई लेवल आरसीसी पुल बनाया जाएगा।
गमाडा ने इस 52 मीटर स्पैन के पुल के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे इस मार्ग पर लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। गमाडा के डिवीजनल इंजीनियर जतिंदर सिंह ने बताया कि परियोजना में 52 मीटर स्पैन का आधुनिक आरसीसी पुल शामिल है। पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का भी निर्माण होगा।
इससे वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के हो सकेगी।
मौजूदा पुल की रेट्रोफिटिंग कर उसे और मजबूत बनाया जाएगा। यह उसकी उपयोगिता और सुरक्षा बढ़ाएगा। निर्माण एजेंसी को कार्य पूरा होने के बाद अगले पांच वर्षों तक पुल के रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। यह मार्ग स्थानीय लोगों के बीच बुड़ैल जेल रोड के नाम से जाना जाता है। यह मोहाली और चंडीगढ़ को जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है। फेज-9, फेज-10, सेक्टर-62, सेक्टर-63, पीएसईबी और औद्योगिक क्षेत्र के हजारों लोग प्रतिदिन इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।