जीरकपुर। बलटाना के रविंद्रा एनक्लेव में मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने से स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। लोगों का कहना है कि उनके घरों के आगे सीवरेज खुला पड़ा है और इससे बदबू आती रहती है। बिजली की तार लटक रही है, बरसाती पानी की निकासी के लिए बनाया गया नाला भी ब्लॉक हो चुका है। सड़कें टूटी हुई हैं, बड़े-बड़े गड्ढे पड़ चुके हैं और स्ट्रीट लाइट्स तो चलती ही नहीं हैं।
इस संबंधी रविंद्रा एनक्लेव निवासी अंजली खुराना (सोसायटी प्रधान), ब्रिज बाला, गोल्डी गोयल, जेनीब खान, संगीता गोयल, अंजू बख्शी, प्रेम लता, सोनिया, सुमन, रानू राजपूत, ज्योति सिंह, जिया खान, श्वेता आदि ने बताया कि उनकी सोसायटी के लोग बुनियादी सुविधाओं को लेकर परेशान हो रहे हैं। उन्होंने ने बताया कि सीवरेज का पानी उनकी गलियों में इस कदर बह रहा है कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इस कारण बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। पिछले हफ्ते इस समस्या को लेकर जब उन्होंने रोष प्रदर्शन किया था तो उनके वार्ड की पार्षद ऊषा राणा के पति ने इस प्रदर्शन को राजनीतिक ड्रामा बताते हुए उनकी शिकायत को अनदेखा कर दिया था। इस दौरान अंजली खुराना ने बताया था कि सोसायटी में साफ सफाई का बुरा हाल है। हालांकि इसकी जिम्मेदारी पार्षद की होती है, लेकिन पार्षद ने इससे मुंह फेर लिया है।
उन्होंने कहा कि उनकी सोसायटी के लोग बुनियादी सुविधाएं न मिलने को लेकर परेशान हैं। इसकी शिकायत उन्होंने कार्यकारी अधिकारी को की है। जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान करवाया जाए।
कोट्स
रविंद्रा एनक्लेव में जो कमियां हैं इनकी शिकायत मिल गई है। ब्लॉक सीवरेज चेक करने के लिए टीम भी भेज दी गई है। इसके अलावा वहां पर जो भी समस्याएं हैं उन्हें भी जल्द की हल कर दिया जाएगा। -रवनीत सिंह, कार्यकारी अधिकारी, नगर काउंसिल जीरकपुर।