मोहाली। चप्पड़चिड़ी गांव को जाने वाली मुख्य सड़क जो गुरुद्वारा साहिब के सामने से गुजरती है, उसकी हालत इतनी खराब हो चुकी है कि क्षेत्र के निवासी और आवागमन करने वाले लोग परेशान हो रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि इस संबंध में तुरंत कदम नहीं उठाए गए तो वे क्षेत्र के लोगों के साथ हाईवे जाम करने को मजबूर होंगे, जिसकी सारी जिम्मेदारी गमाडा के अधिकारियों की होगी। लोगों का कहना है कि इन सड़कों पर दो बड़े स्कूल भी स्थित हैं। यहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में बच्चे आते हैं। खरड़ से चंडीगढ़ आने वाले बड़ी संख्या में लोग स्कूटर और वाहनों से भी इसी सड़क का उपयोग करते हैं। इलाका निवासियों के साथ सड़क की बदहाल हालत दिखाकर डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने गमाडा के अधिकारियों से इन समस्याओं का तुरंत समाधान करने का अनुरोध किया है।