मोहाली/खरड़/जीरकपुर/नयागांव। गर्मी के तीखे होते तेवरों और बढ़ते बिजली कट से लोग परेशान हैं। बिजली कटौती के कारण लोगों की रातों की नींद उड़ गई है। इस कारण पानी की समस्या ने भी लोगों को परेशान कर दिया है। लोगों की रात बिजली के इंतजार में कट रही है। सबसे ज्यादा बिजली कट के कारण बच्चे और बुजुर्ग परेशान हैं। जिलेभर में बिजली कट लगने से हाहाकार मचा हुआ है। बुधवार रात से लेकर वीरवार सुबह व दोपहर को लोग बिजली कट से परेशान दिखे। जिले के खरड़, नयागांव और जीरकपुर के अलावा लांडरा बनूड़ रोड पर स्थित सेक्टरों में बिजली कट की समस्या गंभीर बन चुकी है। लोगों का कहना है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आक्रोश बढ़ सकता है।
लोग 66 केवी ग्रिड स्टेशन पहुंचे
सेक्टर-125 न्यू सन्नी एनक्लेव में स्थित 66 केवी ग्रिड स्टेशन पर बुधवार देर रात बिजली कट से परेशान लोग गुहार लगाने पहुंचे। इस दौरान लोगों ने ग्रिड के अंदर अपना रोष प्रकट किया। इसके बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ले तुरंत अधिकारियों को सूचित किया गया। काफी समय के बाद लोगों को बिजली की सप्लाई मिली। लोगों ने कहा कि ग्रिड स्टेशन को सेक्टर-125 न्यू सन्नी एनक्लेव और इसके साथ लगते कुछ इलाकों में आपूर्ति के लिए स्थापित किया गया था, लेकिन यहां से आपूर्ति चुने क्षेत्रों और खरड़ के बाहर तक भेजी जाती है। इस कारण ग्रिड ओवर लोड हो गया है। इससे बिजली की समस्या आ रही है। उनकी मांग है कि जिस इलाके के लिए यह ग्रिड लगाया गया उसके बाहर ग्रिड से बिजली की सप्लाई न दी जाए।
नयागांव में ट्रांसफार्मर जलने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित
नयागांव। जैसे-जैसे रोजाना गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे बिजली विभाग द्वारा बिजली के अघोषित लंबे-लंबे कट लगाए जा रहे हैं। बुधवार रात को आदर्श नगर में रात करीब नौ बजे से लेकर वीरवार पूरे दिन लाइट नहीं आई। इलाके में बिजली का ट्रांसफार्मर जलने के कारण यह समस्या आई। ट्रांसफार्मर जलने से इलाके में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई। इस कारण वीरवार को पूरा दिन लोगों को बिजली-पानी न मिलने से समस्या का सामना करना पड़ा। इसके अलावा कुमाऊं कॉलोनी, गोविंद नगर, सिंघादेवी, जनता कॉलोनी के लोगों को भी बिजली कट से परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों की मांग है कि अगर बिजली विभाग ने इस मामले का हल नहीं किया तो उनको मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
जीरकपुर में बिजली-पानी के लिए हाहाकार
जीरकपुर शहर में जगह-जगह पर बिजली के अघोषित कट लगने से हाहाकार मचा हुआ है। बिजली कटों से लोग बुरी तरह से परेशान हैं। वीरवार को तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया, जिसके चलते बिजली और पानी की मांग भी बढ़ गई। जीरकपुर की ग्रीन होम्स सोसाइटी, अमोलक एनक्लेव, ढकोली क्षेत्र की कई सोसाइटियों के अलावा नाभा साहिब की ऐरो होम्स, पटियाला रोड पर स्थित शिवालिक विहार, शिवा एनक्लेव, ए के एस-2 के लोगों को 12-12 घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ा। लोगों के अनुसार शहर में कई वर्ष पहले पानी की सप्लाई के लिए लगाए ट्यूबवेलों में से कुछ ट्यूबवेल ऐसे थे, जिन पर जनरेटर सेट लगाए गए थे। बिजली न होने की हालत में लोगों को पीने वाले पानी की कोई कमी नहीं आती थी लेकिन अब हालात यह है कि शहर में करीब 122 ट्यूबवेल लगे हैं लेकिन किसी पर भी जनरेटर सेट नहीं लगा हुआ है। बिजली के साथ-साथ लोगों को पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ता है।