मोहाली। ड्रग तस्करी के मामले में बर्खास्त एआईजी राजजीत सिंह हुंदल की सुनवाई शनिवार को मोहाली की अदालत में हुई। इस मामले का ट्रॉयल कोर्ट में चल रहा है। पिछली सुनवाई के दौरान आरोपी राजजीत सिंह की संपत्ति की कुर्की को लेकर बहस होनी थी, लेकिन सरकारी वकील ने अदालत से मामले की अगली तारीख के लिए आग्रह किया था। इस मामले में शनिवार को भी बहस नहीं हो पाई। इस कारण अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 5 अक्तूबर तय की है।
यह है मामला
दरअसल, साल 2017 में एआईजी रहे राजजीत सिंह हुंदल के साथी इंस्पेक्टर इंद्रजीत को हथियार व ड्रग्स तस्करी मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसके घर की तलाशी में एके-47, 4 किलो हेरोइन, 3 किलो स्मैक और अन्य देसी हथियार बरामद किए गए थे। इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह को नौकरी से बर्खास्त किया गया। इस मामले में राजजीत सिंह पर बर्खास्त इंस्पेक्टर इंद्रजीत का बचाव करने, गलत रिकॉर्ड पेश करने के आरोप है। साथ ही बरामद नशा सामग्री से छेड़छाड़ और इंद्रजीत को प्रमोशन देने के आरोप भी हैं।
राजजीत और इंद्रजीत 2012 से 2017 तक एक साथ तैनात
आरोपी राजजीत सिंह और इंस्पेक्टर कई जगहों पर एक साथ तैनात रहे। साल 2012 से 2017 तक जिन जगहों पर राजजीत सिंह की तैनाती हुई, उसने इंद्रजीत सिंह को भी अपने साथ रखा। इसके लिए राजजीत सिंह सिफारिशी लेटर लिख कर इंद्रजीत की ट्रांसफर करवाता रहा है। दोनों गुरदासपुर, तरनतारन, मोगा और जालंधर एक साथ तैनात रहे हैं।