मोहाली। राज्य के लोगों को कोरोना से बचाने के लिए सरकार पूरी तरह से गंभीर है। केंद्र सरकार के पास कोरोना की उतनी वैक्सीन उपलब्ध नहीं है, जितनी की राज्य को चाहिए। ऐसे में सरकार की तरफ से ओपन टेंडर जारी किए गए हैं। अगर राज्य सरकार को जरूरत के हिसाब से वैक्सीन मिल जाती है तो तीन महीने में पूरे पंजाब में टीकाकरण अभियान पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद आसानी से कोरोना पर फतेह हासिल कर ली जाएगी। यह जानकारी शनिवार को मोहाली में पंजाब के सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने दी। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं।
सेहत मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते गांवों में मरने वालों की संख्या का आंकड़ा ज्यादा है। शहरों में लोग इस महामारी के प्रति ज्यादा जागरूक हो चुके हैं। वह समय-समय पर इसका सही इलाज करवा रहे हैं। साथ ही सेहत विभाग की ओर से जारी की गई हिदायतों का पालन भी कर रहे हैं। सेहत विभाग द्वारा लगाए जा रहे शिविरों में लोग टीकाकरण के लिए पहुंच रहे हैं। सेहत मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा महामारी के पीड़ित लोगों के परिवारों के लिए फूड किट का भी प्रबंध किया गया है। उन्होंने कहा कि आशा वर्करों, पुलिस मुलाजिमों और फ्रंट लाइन कर्मचारियों की ओर से घर-घर जाकर तैयार खाना भी मरीजों के परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है।
बता दें कि मोहाली समेत पंजाब में टीकाकरण मुहिम जोरों से चल रही है। मोहाली पूरे पंजाब में सबसे अग्रणी जिला है, जहां पर टीकाकरण हो चुका है। कई गांवों में 45 साल से अधिक उम्र में सौ फीसदी तक टीकाकरण हो चुका है।