मोहाली। केंद्र सरकार की ओर से पारित किए गए कृषि के नए तीन कानूनों के खिलाफ गुरुद्वारा श्री सिंह शहीदां के बाहर किसानों का संघर्ष चल रहा है। शुक्रवार को उनके पक्ष में पंजाबी गायक और अभिनेता हरभजन मान भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने किसानों के हौसले की तारीफ की। साथ ही साफ किया कि जल्द ही किसानों की जीत होगी और केंद्र सरकार उक्त काले कानूनों को वापस लेगी।
इस मौके पर हरभजन मान ने कहा कि वे पहले दिन से किसानों के समर्थन में खड़े हैं। दिल्ली में चल रहे आंदोलन को आठ महीने हो गए हैं। इससे पता चलता है कि हमारे किसानों के हौसले कितने बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि वे पिछले एक महीने से मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला के चौकों पर खड़े होने वाले बच्चे, युवाओं और उन वरिष्ठ नागरिकों से मिल रहे हैं, जो किसानों के हकों के लिए आवाज उठा रहे हैं। इन लोगों का जोश दिल्ली में आंदोलन में बैठे किसानों को ताकत देता है। इसी बीच किसानों के समर्थन में पिछले तीन हफ्तों से भूख हड़ताल पर बैठे किसानों को भी उन्होंने सलाम किया। ऐसे में पुआदी मंच के किसान संघर्ष को देखकर हरभजन मान की भी इच्छा हुई कि वे भी भूख हड़ताल में शामिल होकर अपना समर्थन दें।
इस मौके पर पूर्व पार्षद परविंदर सिंह सोहाना, अमरजीत सिंह, दविंदर सिंह बॉबी, हरविंदर सिंह नंबरदार आदि ने गायक हरभजन मान को सम्मानित किया। इस अवसर पर हरप्रीत सिंह तिनका, दीदार सिंह, नछतर सिनार, जसवीर सिंह, बलबीर सिंह, अमनप्रीत सिंह, बंट सिंह हरिंदर सिंह, नंबरदार भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इनका गायक हरभजन मान की ओर से गले लगकर हौसला बढ़ाया गया।
‘हक सच दी आवाज.. किसान आंदोलन’ पुस्तक का किया विमोचन
भूख हड़ताल शिविर में पहुंचकर पंजाबी गायक हरभजन मान ने प्रभजोत कौर ढिल्लों की ओर से लिखित चौथी पुस्तक ‘हक सच दी आवाज.. किसान आंदोलन’ का विमोचन भी किया। साथ ही उन्होंने प्रभजोत कौर ढिल्लों को पुस्तक के लिए बधाई दी। उनकी सराहना करते हुए कहा कि किसानों के मुद्दे से संबंधित यह पुस्तक किसानों का और हौसला बढ़ाएगी।