दिल्ली की एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और जबरन गर्भपात कराने के मामले में जीरकपुर थाना पुलिस ने फतेहाबाद (हरियाणा) निवासी एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2017 में फेसबुक के माध्यम से पुनीत शर्मा पुत्र राज कुमार से उसकी पहचान हुई थी। पहली मुलाकात दिल्ली के नागलोई इलाके में हुई, जहां दोनों ने आपसी संबंध बनाए। इसके बाद उनका मिलना-जुलना जारी रहा। वर्ष 2019 में वैष्णो देवी मंदिर में पुनीत ने उससे शादी का वादा किया और कहा कि वह जल्द ही परिवार को मना लेगा।
वर्ष 2021 में दोनों ने दिल्ली और गुड़गांव में किराये पर रहकर वैवाहिक जीवन जैसा संबंध बनाए रखा। इस दौरान पुनीत ने उसे परिवार में शामिल करने के बहाने ऑपरेशन कराने को कहा और बाद में जबरन गर्भपात की दवाई खिलाकर गर्भ गिरवा दिया।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने शादी का दबाव बनाया तो पुनीत व उसके परिजनों ने उसे धमकाया और घर से निकाल दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि पुनीत ने उसके नाम पर लोन लेकर किस्तें नहीं भरीं और अब जान से मारने की धमकियां दे रहा है।
पुलिस ने आरोपी पुनीत शर्मा निवासी गोल कोठी, सिव चौक, फतेहाबाद के खिलाफ धारा 69 बीएनएस-2023 (शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाना) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।