बच्चे मिड डे मील खाते हुए। संवाद
मोहाली। सरकारी स्कूलों में परोसे जाने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता की जांच के लिए पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य विजय दत्त मोहाली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने फेज-6, 7 और 9 के प्राथमिक और मिडिल स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ खाना भी खाया। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम का अनुपालन करने को कहा।
उन्होंने सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक राशन डिपो के माध्यम से वितरित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मात्रा में पारदर्शिता लाने की अपील की। पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य विजय दत्त ने स्कूलों में पानी की गुणवत्ता और टीडीएस (कुल घुलनशील ठोस पदार्थ) की नियमित जांच करने को भी कहा।
विद्यार्थियों और मध्याह्न भोजन कर्मियों की समय-समय पर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी सरकारी स्कूलों में पंजाब राज्य खाद्य आयोग के हेल्पलाइन नंबर (9876764545) का प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी लाभार्थी को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के संबंध में कोई शिकायत है तो वे इस हेल्पलाइन नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।