मोहाली। मोहाली की दो होनहार फेंसिंग खिलाड़ियों गुरलीन कौर और महक वालिया ने सीनियर पंजाब स्टेट फेंसिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया है। दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जगह बनाई है। उनका चयन सीनियर नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इसमें वे पंजाब की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
सीनियर पंजाब स्टेट फेंसिंग चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन 2 से 4 नवंबर तक किया गया था। इसमें प्रदेशभर से खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मोहाली की गुरलीन कौर और मेहक वालिया ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। दोनों ने अपने-अपने मुकाबलों में बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है।
अब दोनों खिलाड़ी गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर में आयोजित होने वाली सीनियर नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप में पंजाब की टीम की ओर से मैदान में उतरेंगी। राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने से दोनों खिलाड़ियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।
कोच पंकज सिंगला ने बताया कि गुरलीन कौर और मेहक वालिया ने स्टेट चैंपियनशिप में कड़ी मेहनत, अनुशासन और बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया। दोनों ने अपने मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीते हैं। इसी उपलब्धि के चलते उनका चयन नेशनल चैंपियनशिप के लिए हुआ है।उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पंजाब के लिए पदक जीतने में सफल रहेंगी।