फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोहाली में युवक हत्या: वो भागता रहा... सैकड़ों की भीड़ से कोई बचाने नहीं आया, खून से लथपथ लड़खड़ाकर गिरा...

Fri, 27 Dec 2024 09:34 PM IST
अंकेश ठाकुर संवाद न्यूज एजेंसी, जीरकपुर (मोहाली)

सार

सैकड़ों लोग तमाशबीन बने रहे, जब एक युवक को दौड़ा-दौड़ा कर चाकुओं से गोदकर मार डाला। यह घटना मोहाली के जीरकपुर में हुई है। युवक खुद को बचाने के लिए खून से लथपथ दौड़ता रहा, लेकिन कोई उसे बचाने नहीं आया।
विज्ञापन
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मोहाली के जीरकपुर में एक युवक की सरेराह हत्या कर दी गई। जीरकपुर के पटियाला चौक पर वीरवार देर रात मुस्तकीन ढाबे के पास 22 वर्षीय युवक की करीब दस युवकों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। इस हमले में मृतक का दोस्त 29 वर्षीय राजविंदर भी घायल हुआ है। दोनों मूलरूप से गुरदासपुर के रहने वाले हैं और पटियाला चौक के पास किराए के घर में रह रहे थे। वारदात वीरवार रात करीब 10:43 बजे की है।

विज्ञापन


बताया जा रहा है कि करीब चार हमलावर एक्टिवा पर आए थे, जिनके हाथों में चाकू व किरच थीं। आकाशदीप के दिल व कमर पर चाकू से वार किए गए हैं। राजविंदर के सिर पर किरच से वार के जख्म हैं। राजविंदर के सिर पर 8 टांके लगे हैं। आकाशदीप हमलावरों से बचने के लिए भागता रहा और चौक पर लडखड़ाकर गिर गया, जहां आरोपियों ने ताबड़तोड़ चाकू से वारकर लहुलूहान कर दिया। उसे इलाज के लिए जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हमले में घायल राजविंदर ढकोली अस्पताल में उपचाराधीन है। इस मामले में राजविंदर के बयान पर जीरकपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सूत्रों के अनुसार एक हमलावर की पहचान लोहगढ़ के रहने वाले सिमू के रूप में हुई है, जबकि दस अज्ञात हैं। सीआईए की टीम हमलावारों की तलाश में जुटी है।

विज्ञापन
Trending Videos

बीयर पीते समय हुआ झगड़ा

वीरवार रात करीब 10.43 बजे आकाशदीप और उसका दोस्त राजविंदर मुस्तकीन ढाबे के पास शराब के ठेके पर बीयर पीने आए थे। उसके बाद खाना खाने जाना था। वह बीयर पी रहे थे तो वहां पहले से मौजूद चार लड़कों से आकाशदीप की किसी बात पर बहस हो गई। सभी आकाशदीप से झगड़ने लगे। इसी बीच कुछ और युवक भी वहां एक्टिवा पर आ पहुंचे। उनके हाथों में चाकू व किरच थीं। उन्होंने बहस कर रहे आकाशदीप पर चाकू व किरच से हमला कर दिया। इस दौरान आकाशदीप के दिल व कमर पर चाकू से कई वार किए गए। उनकी कमीज फटकर गिर गई। आकाशदीप को लहूलुहान देख जब राजविंदर बचाने आया तो उन्होंने उसके सिर पर भी किरच से वार कर दिया। दोनों जान बचाने के लिए वहां से भागे। रजिंदर अंबाला साइड की तरफ भागा और आकाशदीप नंगे बदन पटियाला चौक की तरफ। पटियाला चौक पर आकाशदीप लड़खड़ाकर गिर गया। वह जमीन पर खून से लथपथ बिलखता रहा और हमलावर उस पर चाकुओं से वार करते रहे। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। कुछ लोगों ने एक ऑटो कर आकाशदीप को जीएमसीएच-32 पहुंचाया।

एक साल पहले दुबई से आया था, पिता की हो चुकी है मौत

आकाशदीप दुबई में रहता था। एक साल पहले ही वह दुबई से आया था। उसके पिता की मौत हो चुकी है। एक छोटा भाई और मां गुरदासपुर में रहते हैं। राजविंदर भी कतर में रहता था और सितंबर में ही भारत आया है। राजविंदर के रिश्तेदार जीरकपुर में रहते हैं। वह 20 दिन के लिए उनके घर पर आया था। उसने अपनी बेटी और पत्नी को मिलने के लिए दिल्ली जाना था। घायल राजविंदर ने बताया कि विदेश से आने के बाद ही आकाशदीप से उसकी मुलाकात जीरकपुर में हुई थी। आकाशदीप यहां निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था और पटियाला चौक पर किराये के घर में रहता था। वह हमलावरों को जानता तक नहीं है।
विज्ञापन

सैकड़ों लोगों की भीड़ में कोई नहीं आया बचाने

आकाशदीप ने जान बचाने का काफी प्रयास किया। वह करीब 100 मीटर दूर भागा लेकिन बदन पर चाकुओं के वार के दर्द के कारण वह जमीन पर गिर गया। जहां सिमू ने अपने साथियों के साथ उसकी चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। चौक पर काफी चहल पहल रहती है। लोग पटियाला को जाने के लिए वहां बसों का इंतजार करते हैं। ऑटो चालक भी वहां मौजूद होते हैं। आकाशदीप जान की भीख मांगता रहा लेकिन सैकड़ों लोगों में से कोई उसे बचाने आगे नहीं आया। हमलावरों सरेआम गुंडागर्दी करते रहे और उनके हाथों में चाकू-किरच देखकर लोगों ने उसे बचाने का प्रयास तक नहीं किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें