फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: बठिंडा के नेता के गनमैनों ने की छेड़छाड़, विरोध करने पर युवक पर स्कॉर्पियो चढ़ाने की कोशिश, वीडियो वायरल

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली। सेक्टर-68 के एक निजी सोसाइटी में शनिवार रात एक युवक पर स्कॉर्पियो चढ़ाने की कोशिश की गई। उसकी बहन से छेड़छाड़ का भी आरोप है। पीड़ित परिवार ने दावा किया है कि सफेद स्कॉर्पियो में बठिंडा के एक नेता के गनमैन सवार थे। पुलिस ने मामले की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पीड़ित मनप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात वह अपनी बहन के साथ बाजार से लौट रहा था। इसी दौरान एक सफेद स्कॉर्पियो ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि स्कॉर्पियो में बैठे तीन-चार युवकों ने उनकी बहन से छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
विज्ञापन

मनप्रीत और उसकी बहन अपनी वरना कार में बैठकर सीधे सोसाइटी पहुंचे। स्कॉर्पियो सवारों ने वहां तक भी उनका पीछा किया। वे रास्ते भर लगातार हॉर्न बजाकर और हाई बीम लाइट देकर उनकी कार रुकवाने की कोशिश करते रहे। सोसाइटी पहुंचने पर मनप्रीत के दो चचेरे भाई बाहर टहल रहे थे। उन्होंने स्कॉर्पियो को रोकने का इशारा किया। इसके बाद चालक दूसरी गली से तेज रफ्तार में गाड़ी घुमाकर आया और उन पर कार चढ़ाने की कोशिश की। शोर सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर जुट गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।
बठिंडा के एक नेता के नाम पर पंजीकृत है स्कॉर्पियो
पीड़ित ने दावा किया कि स्कॉर्पियो के अंदर पुलिस की वर्दी टंगी हुई थी। गाड़ी के पंजीकरण नंबर की जांच करने पर पता चला कि वाहन बठिंडा के एक नेता के नाम पर पंजीकृत है। परिवार का आरोप है कि गाड़ी में नेता के गनमैन सवार थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। परिवार को आशंका थी कि आरोपी लूटपाट की वारदात को अंजाम देना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने रास्ते में कई बार हॉर्न दिए जाने के बावजूद अपनी कार नहीं रोकी।
विज्ञापन

पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच
मामले की शिकायत शनिवार को पुलिस को दी गई है। फेज-11 थाना प्रभारी अमन वैदवान ने बताया कि मनप्रीत सिंह की शिकायत मिली है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। वैदवान ने कहा कि मामले में आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नए कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई निर्धारित समय सीमा में की जाएगी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्कॉर्पियो चालक द्वारा युवक को कुचलने की कोशिश साफ दिख रही है। वीडियो में दिख रहा है कि कैसे स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में गाड़ी चलाकर युवक को निशाना बना रही थी। इस घटना ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें