मोहाली। सेक्टर 62 में आने वाले समय में बढ़ती आबादी, हाईराइज सोसाइटी फ्लैट्स, बड़े कॉमर्शियल हब और विभिन्न सरकारी संस्थानों को ध्यान में रखते हुए गमाडा द्वारा जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक परियोजना पर काम शुरू किया जा रहा है। इस योजना के तहत सेक्टर 69 के वाटर वर्क्स में एक लाख गैलन क्षमता का अंडरग्राउंड स्टोरेज रिजर्वायर (यूजीएसआर) बनाया जाएगा। यह भूमिगत जल भंडारण टैंक सेक्टर 62 क्षेत्र में नहरी पानी की सप्लाई को और अधिक नियमित, सुरक्षित तथा पर्याप्त दबाव के साथ सुनिश्चित करेगा। लगभग 1.73 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है। जानकारी के अनुसार आने वाले वर्षों में सेक्टर-62 और आसपास के क्षेत्रों में जनसंख्या तथा व्यावसायिक गतिविधियों में तेज़ी से वृद्धि होगी, जिसके चलते मजबूत जल आपूर्ति ढांचा बेहद आवश्यक हो गया है। परियोजना के तहत पानी के भंडारण और वितरण प्रणाली को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि किसी भी स्थिति में जल आपूर्ति बाधित न हो और लोगों को पर्याप्त दबाव के साथ पानी उपलब्ध कराया जा सके। इससे क्षेत्र के निवासियों को लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
सेक्टर-62 में विकास को मिल रही रफ्तार
सेक्टर-62 तेजी से एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक और व्यावसायिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। इस सेक्टर में गमाडा कार्यालय, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड, पंचायत विभाग सहित कई प्रमुख विभागों के मुख्यालय स्थित हैं। इसके अलावा यहां कई शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पहले से संचालित हैं और कुछ नए प्रोजेक्ट्स जल्द शुरू होने वाले हैं। इस सेक्टर की पहचान ऐतिहासिक गुरुद्वारा अंब साहिब से भी जुड़ी हुई है। इसके साथ ही यहां एक बड़ा अस्पताल भी मौजूद है। आने वाले समय में इस सेक्टर में एक बड़ा शॉपिंग मॉल और हाईराइज रिहायशी सोसाइटी भी विकसित होने जा रही है।
पानी की सप्लाई होगी अधिक स्थिर
सेक्टर-62 क्षेत्र की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना तैयार की जा रही है। एक लाख गैलन क्षमता का यूजीएसआर सेक्टर 69 में स्थापित किया जा रहा है, जिसे सेक्टर 62 की जल आपूर्ति लाइन से जोड़ा जाएगा। इस व्यवस्था के बाद सेक्टर 62 और आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई अधिक स्थिर, सुरक्षित और पर्याप्त दबाव के साथ सुनिश्चित होगी।- हिमांशु संधू, गमाडा एक्सईएन