बलौंगी पुल बनने के बाद लोगों को अच्छे रास्ते से आना जाना हो सकेगा, पुराने पुल की होगी रेट्रोफिटिंग,
बलौंगी फ्लाईओवर से नए पुल तक सड़क की भी होगी री-कारपेटिंग, 24 अगस्त को जारी हुआ है टेंडर
योगेंद्र त्रिपाठी
मोहाली। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने शहर के पुराने प्रवेश द्वार बलौंगी पुल की खस्ताहाल स्थिति को सुधारने के लिए कदम उठाया है। गमाडा 120 मीटर लंबे नए हाई लेवल आरसीसी पुल का निर्माण करेगा। इसके साथ ही मौजूदा पुल का जीर्णोद्धार और मजबूतीकरण भी किया जाएगा। इस परियोजना के लिए 24 अगस्त को निविदा जारी कर दी गई है। यह नया पुल बलौंगी के पास सौ फीट चौड़ी सड़क पर बनेगा। लंबे समय से पुल की मरम्मत और मार्ग को बेहतर बनाने की मांग की जा रही थी, जिससे अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। गमाडा के मुख्य अभियंता अजय गर्ग ने बताया कि नए पुल के निर्माण के बाद पांच साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी शामिल होगी। बलौंगी फ्लाईओवर से प्रस्तावित नए पुल के पास की सड़क के मौजूदा दोहरी सड़क की मरम्मत और नई परत बिछाने का काम भी किया जाएगा।
निविदा प्रक्रिया और रखरखाव
गमाडा ने 24 अगस्त को इस परियोजना के लिए निविदा जारी की है। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 8 सितंबर 2026 सुबह 11 बजे निर्धारित की गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। पूरे प्रोजेक्ट में निर्माण के बाद पांच साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी शामिल होगी। लोगों ने मांग की है कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी न की जाए। परियोजना को तय समय में पूरा किया जाए ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
यात्रियों के लिए महत्व
बलौंगी पुल मोहाली के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश मार्ग रहा है। मोहाली के तेजी से विकसित होने से पहले भी इस रास्ते का इस्तेमाल शहर में आने-जाने के लिए किया जाता था। आज भी सैकड़ों वाहन रोजाना इस मार्ग से गुजरते हैं। यह पुल मोहाली, बलौंगी और आसपास के गांवों के अलावा चंडीगढ़ और खरड़ की ओर जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। रोजाना तीस हजार से अधिक लोग इस पुल का उपयोग करते हैं।
स्थानीय लोगों की चिंता
पुल की सड़क और आसपास का मार्ग वाहन चालकों के लिए लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ था। सड़क का एक हिस्सा टूटने के बाद यहां हादसे का खतरा बढ़ गया था। स्थानीय लोगों सुरेंद्र सिंह और वंदना ने पुल की खराब हालत पर चिंता जताई थी। उन्होंने किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते स्थायी समाधान की मांग की थी। नए पुल के निर्माण से यातायात व्यवस्था बेहतर होने और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गमाडा की ओर से 120 मीटर लंबे पुल को बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पुल को जल्द की बनाने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए गमाडा ने प्लान तैयार कर दिया है। -अजय गर्ग, चीफ इंजीनियर , गमाडा