नयागांव। गांव सिसवां में गमाडा की टीम अवैध निर्माण रोकने के लिए नोटिस देने पहुंची। मौके पर जब किसी ने नोटिस नहीं लिया तो अधिकारियों ने दीवार पर ही नोटिस चिपका दिया।
न्यू चंडीगढ़ के कई इलाकों में, जैसे कि सिसवां, माजरा, कुबाहेड़ी में अवैध निर्माण होने को जानकारी गमाडा को मिली थी। इसके बाद गमाडा के अधिकारी के निर्देश पर टीम ने अवैध निर्माण रोकने के लिए नोटिस जारी किए।
31 दिसंबर को नोटिस देने के लिए जब गमाडा की टीम जब गांव सिसवां पहुंची तो वहां किसी ने नोटिस रिसीव नहीं किया। इस पर टीम ने नोटिस को दीवार पर ही चिपका दिया और गमाडा के उच्च अधिकारियों को सूचित किया।
अवैध निर्माण शुरू होते समय क्यों नहीं करते कार्रवाई?
यहां के लोगों ने सवाल किया कि जब न्यू चंडीगढ़ एरिया में अलग-अलग इलाके में अवैध निर्माण शुरू हो रहा होता है। तब क्या अधिकारी सो रहे होते हैं? उस समय क्यों नहीं उचित कार्रवाई की जाती। तब ऐसे लोगों को नोटिस क्यों नहीं दिए जाते और अवैध निर्माण को क्यों नहीं गिराया जाता? लोगों का कहना था कि बाद में सिर्फ नोटिस देकर खाना पूर्ति की जाती है और कुछ नहीं।