नयागांव। न्यू चंडीगढ़ पीआर-4 स्टेडियम रोड पर अवैध रूप से बनी फर्नीचर मार्केट में टीन शेड में चल रही दुकानों पर गमाडा ने पीला पंजा चलाया। वीरवार को सुबह नौ बजे से लेकर शाम तक गमाडा की तरफ से यह कार्रवाई की गई। गमाडा की इस कार्रवाई का लोगों ने विरोध जताया। लोगों का कहना था कि उनको कार्रवाई से पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया। मामले में जेई हरमनदीप सिंह खैरा का कहना था कि गमाडा प्रॉपर तरीके से यह कार्रवाई कर रही है। लोगों ने अभी तक सामान नहीं हटाया है, इसलिए जेसीबी से यह कार्रवाई की जा रही है। आज भी इनको सामान हटाने के लिए कहा गया। अगर इन्होंने सामान नहीं हटाया तो मजबूरी में जेसीबी से सामान हटाना पडेगा। इस कार्रवाई के दौरान संघर्षवीर सिंह और गमाडा की टीम के साथ भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। कार्रवाई की अगुवाई एसडीओ अमरजीत ने की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गमाडा की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।