मोहाली। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने एक बार फिर अपनी जमीन की नीलामी से मोटी कमाई की है। हालांकि इस बार विभाग को 49 एकड़ जमीन की नीलामी से लगभग 2000 करोड़ रुपये की कमाई की उम्मीद थी, लेकिन केवल दो साइटों की ही बोली लग पाई। इसके बावजूद गमाडा ने 403.75 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है, जोकि विभाग के लिए एक संतोषजनक आंकड़ा माना जा रहा है।
इस बार की नीलामी में गमाडा ने कुल छह साइटों को शामिल किया था। इनमें से चार साइटों पर किसी ने भी बोली नहीं लगाई, जबकि दो साइटों की नीलामी सफलतापूर्वक हो गई। ये दोनों साइटें सेक्टर-99 स्थित वेव एस्टेट इलाके में स्थित हैं, जिनका क्षेत्रफल क्रमवार 3.52 एकड़ और 8.71 एकड़ है। गमाडा के अधिकारियों के अनुसार इन दोनों साइटों पर अब ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी विकसित की जाएगी। इससे न सिर्फ रिहायशी परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा बल्कि लोगों का मोहाली जैसे वीआईपी सिटी में घर होने का सपना भी साकार होगा। इन परियोजनाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे। वहीं जिन साइटों पर बोली नहीं लगी, उनके लिए भविष्य में एक बार फिर से नीलामी प्रक्रिया आयोजित की जा सकती है।
पर्ल सिटी, यूनिटेक और मोहाली हिल्स की साइट को नहीं मिले खरीदार
गमाडा की ताजा नीलामी में जहां दो साइटों ने 403.75 करोड़ रुपये की कमाई करवाई। वहीं चार प्रमुख साइटें ऐसी भी रहीं जिन पर किसी ने बोली नहीं लगाई। इनमें से दो साइटें सेक्टर-104 स्थित पर्ल सिटी की थीं, जिनका क्षेत्रफल क्रमशः 4.97 एकड़ और 4.98 एकड़ है। ये साइटें शहर के प्राइम लोकेशन में होने के बावजूद खरीदारों को आकर्षित नहीं कर पाईं। इसके अलावा, सेक्टर-97 स्थित यूनिटेक की 7.92 एकड़ की साइट भी नीलामी में अनसोल्ड रही। सबसे बड़ी साइट सेक्टर-110 स्थित मोहाली हिल्स की 18.62 एकड़ की संपत्ति भी नीलाम नहीं हो सकी। जानकारों के अनुसार इसका रिजर्व प्राइस अधिक होने की वजह से संभावित खरीदार पीछे हट गए।