जीरकपुर। बलटाना में पड़ती एकता विहार सोसाइटी में एक लावारिस कुत्ते ने 10 वर्षीय बच्ची को काट लिया है। इससे पहले कि कुत्ता बच्ची को ज्यादा नोचता आसपास खड़े लोगों ने बच्ची को बचा लिया। जिसके बाद परिजनों ने उसे नजदीकी निजी क्लीनिक में भर्ती करवाकर इलाज करवाया और इंजेक्शन लगवाया। बताया जा रहा है के कुत्ते ने बच्ची के कूल्हे पर काटा है। डाक्टरों के अनुसार जख्म ज्यादा गहरा नहीं है लेकिन लोग मौके पर न होते तो कुत्ता उसे अधिक घायल कर सकता था। इस दौरान घायल कामया के पिता गुलशन ने बताया कि करीब एक महीने पहले छोटी बेटी को भी कुत्ते ने काट लिया था। उनकी सोसाइटी के लोगों ने इसकी लिखित शिकायत नगर परिषद अधिकारियों को भी दी है। इस दौरान लोगों ने बताया कि करीब दो महीने पहले भी कुत्तों के एक झुंड ने व्यक्ति पर हमला कर दिया था। जिसकी मोटरसाइकल से गिरने के कारण बाजू टूट गई थी। लोगों ने बताया कि इससे पहले भी उनके इलाके में कुत्तों के काटने के कई मामले सामने आ चुके हैं लेकिन नगर परिषद ने इसका कोई स्थाई हल नहीं किया है।
बॉक्स
एनओसी के इंतजार में कुत्तों का अस्पताल
शहर में बढ़ रही लावारिस कुत्तों आबादी व उनके कहर को लेकर लोग बेहद परेशान हैं। क्योंकि सरकारी आंकड़ों की बात करें तो ढकोली अस्पताल में रोज 4 से 5 केस डॉग बाइट के सामने आते हैं। हालांकि नगर परिषद की ओर से 2018 में कुत्तों की स्ट्रलाइजेशन के लिए एक अस्पताल बनाया था। जो काफी देर बंद रहा। लेकिन कुछ महीने पहले कावा नामक संस्था ने उसे चलाने की कोशिश की थी, लेकिन केंद्र से एनओसी ना मिलने के कारण अस्पताल अभी बंद पड़ा है। हालांकि अस्पताल के शुरू होने के कारण लोगों में खुशी थी के शायद उनको कुत्तों के आतंक से छुटकारा मिल जाएगा लेकिन अभी राहत की उम्मीद नहीं है।