जीरकपुर। ढकोली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विकास उर्फ चिल्लू निवासी गांव खेड़ी पानीपत हाल निवासी कृष्णा एनक्लेव ढकोली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल 2024 को गश्त के दौरान पुलिस पार्टी को ढकोली एरिया में स्थित हरमिटेज सोसाइटी के नजदीक झुग्गियों में नशीला पदार्थ बेचने की सूचना मिली थी। जिसके बाद रेड के दौरान आरोपी फरार हो गया था और पुलिस को आरोपी की झुग्गी में से करीब 26 किलो गांजा बरामद हुआ था। जांच अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर आरोपी विकास ऊर्फ चिल्लू को गिरफ्तार किया है। रिमांड के दौरान सप्लाई चेन का पता लगाया जाएगा।