अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरार चल रहे गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को रविवार को इंडोनेशिया से डिपोर्ट कर भारत लाया गया। आरोपी को हवाई यात्रा के जरिए मोहाली के शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लाया गया, जहां पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की टीम उसे लेकर पहुंची। एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद अमृतसर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अपनी हिरासत में ले लिया। आरोपी को आगे की पूछताछ और अदालत में पेश करने के लिए अमृतसर ले जाया गया।
गैंगस्टर जोबन बिल्ला को हाई सिक्योरिटी में अमृतसर लाया गया
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब सवा 5 बजे एसपी विक्रम बराड़ की अगुवाई में एजीटीएफ की टीम आरोपी को लेकर एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तबदील किया गया हुआ था। परिसर से बाहर निकलते ही अमृतसर पुलिस ने उसे अपनी कस्टडी में ले लिया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जोबनजीत के बाहर आते ही पुलिस ने उसे मुंह पर काला लिबास डाल दिया। इसके बाद हाई सिक्योरिटी में उसे अमृतसर ले जाया गया।
गैंगस्टर बिल्ला पर कई गंभीर आपराधिक मामले हैं दर्ज
पंजाब पुलिस के अनुसार, जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला लंबे समय से विदेश में छिपकर गिरफ्तारी से बच रहा था। उसके खिलाफ पंजाब में चार हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क से भी जुड़ा रहा है।
‘ऑपरेशन नोमैड हंट’ के तहत की गई कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि आरोपी को भारत लाने की कार्रवाई ‘ऑपरेशन नोमैड हंट’ के तहत की गई। करीब छह महीने तक चली इस विशेष मुहिम के दौरान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ), ओएफटीईसी पंजाब और विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों ने लगातार तकनीकी निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया। इसके बाद इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से आरोपी को डिपोर्ट कर भारत लाने में सफलता मिली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी। जांच में उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों, विदेश में सक्रिय सहयोगियों, पंजाब में संचालित गैंग नेटवर्क और अन्य आपराधिक मामलों में भूमिका की पड़ताल की जाएगी। साथ ही यह भी जांच होगी कि विदेश में रहते हुए वह किन माध्यमों से अपने नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
पंजाब पुलिस ने कहा कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और विदेशों में छिपे अपराधियों को भी कानून के दायरे में लाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि किसी भी अपराधी को उसके ठिकाने की परवाह किए बिना न्याय के कटघरे तक पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग के साथ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।