मोहाली। वीआईपी शहर में एक ऐसा दोपहिया वाहन चोर गिरोह सक्रिय हो गया है जो वाहन चोरी कर उसके टायर व अन्य जरूरी सामान खोलकर बेच देता है। साथ ही कबाड़ हुए वाहनों को सुनसान जगह पर छोड़ देता है। यह गिरोह सबसे ज्यादा चंडीगढ़ से सटे एरिया में सक्रिय है। फेज-छह में अब तक पांच मामले ऐसे आ चुके हैं। सोमवार को भी इसी तरह का एक मामला आया है। हालांकि इलाके के पार्षद आरपी शर्मा के प्रयास से मामला पुलिस तक पहुंचा।
फेज-छह पुलिस चौकी के इंचार्ज बलजीत सिंह मंड ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। जल्दी ही आरोपी काबू कर लिए जाएंगे। इस बारे में इलाके के पूर्व पार्षद आरपी शर्मा ने कहा कि कोविड काल के दौरान यह गिरोह सक्रिय हुआ था। यह गिरोह सबसे पहले सार्वजनिक स्थानों या पार्किंग से वाहनों को चोरी कर लेते हैं। इसके बाद उन्हें सुनसान जगह पर खड़ाकर उनका सामान निकालकर बेचते हैं।
मैकेनिक बनकर आते हैं चोर
आरोपी मैैकेनिक बनकर आते है वाहनों के टायर खोलकर ले जाते हैं। पार्षद ने बताया कि फेज-छह में कुछ महीनों में इस तरह के पांच मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह सारे वाहन उन्होंने पुलिस को रिकवर करा दिए हैं। वहीं, ताजा मामला यह है कि फेज-छह में ट्यूबवेल के पास भी इसी तरह की बाइक खड़ी मिली जिसके दोनों टायर खुले हुए थे। इसके बाद उन्हें गाड़ी के अंदर से ही वाहन के मालिक के नाम संबंधी स्लिप मिली जिसे देखकर उन्हें सूचित किया गया। वाहन के मालिक ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया फेज-एक से उनकी बाइक चोरी हुई थी। वहीं, पास में ही काम करने वाले एक युवक ने बताया कि एक युवक मैकेनिक की तरह एक्टिवा पर सवार होकर टायर खोलने के लिए आया था। उसने उस एक्टिवा का नंबर भी पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब उसकी तलाश करने में जुट गई है।