संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। शहर से सटे गांवों में अवैध कॉलोनियों का जाल तेजी से फैल रहा है। बिना मंजूरी के प्लॉटिंग करने पर वीरवार को गमाडा की टीम ने रायपुर गांव में एक अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की। रायपुर में बिना आवश्यक मंजूरियों के कॉलोनी काटकर प्लॉटिंग की जा रही थी। आरोप है कि प्लॉटिंग के लिए सीवरेज लाइन बिछाते समय परिसर में लगे पेड़ काटे गए थे। पहले यह जमीन फार्म हाउस के रूप में थी। गमाडा ने कुछ दिन पहले बड़माजरा में भी इसी तरह की कार्रवाई की थी। गमाडा के उपमंडल अधिकारी हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान सीवरेज के कुछ ढक्कन तोड़े गए। बड़माजरा, रायपुर, जुझार नगर, झामपुर, ठस्का और मनाना जैसे इलाकों में अवैध कॉलोनियों के बढ़ने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।