मोहाली। सेक्टर-70 में दोस्त की बहन के साथ कोर्ट मैरिज करने पर युवक ने सिर पर चाकू से वार कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां पर उसके सिर में 18 टांके लगे हैं। घायल के कहने पर डॉक्टर ने संबंधित थाना पुलिस को सूचना दे दी है। चंडीगढ़ में धनास निवासी मोहित ने बताया कि वह सामान डिलीवरी का काम करता है। मंगलवार को उसने एक युवती के साथ कोर्ट मैरिज करवाई थी, जिसके लिए दोनों पक्षों से घर वाले राजी नहीं थे। इसलिए वह काफी समय से सेक्टर-70 में एक किराए के मकान में रह रहा था। जब दोनों वह घर पर मौजूद थे तो युवती का पिता, मां, बहन, भाई और उसका दोस्त वहां युवती को वापस लेने के लिए पहुंचे। इस पर युवती ने उनके साथ जाने से मना कर दिया। वह युवती को जबरदस्ती घर ले जाने लगे तो मोहित ने उन्हें रोकने की कोशिश की। तभी युवती के भाई के दोस्त ने पीछे से उसके सिर में चाकू घोंप दिया। इससे वह वहीं गिर गया और काफी खून बहने लगा। इस पर उसके एक दोस्त ने फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।