जीरकपुर। पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के नाम पर लोगों से ठगी करने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान हरियाणा के यमुनानगर निवासी देव वर्मा और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी अनुज के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में साउथ सिटी, जीरकपुर में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, एक टीम कोहिनूर ढाबे के पास गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि साउथ सिटी स्थित फ्लैट नंबर 1004 में रहने वाले दोनों आरोपी भोले-भाले लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने के लिए फंसाते हैं।
आरोप है कि आरोपी लोगों को झांसे में लेकर उनके खातों से अपने खातों में पैसे ट्रांसफर करवाते थे और इस तरह उनसे ठगी करते थे। सूचना में यह भी बताया गया कि समय रहते छापेमारी की जाए तो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा जा सकता है। उनके कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किए जा सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3 और 4 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपों की पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।