मोहाली। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने चार युवकों को 30 ग्राम हेरोइन, एक कट्टे और 12 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा, तेजिंदर सिंह, लवप्रीत और समर के रूप में हुई है।एसटीएफ के एसएचओ आरडी शर्मा ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि कुछ युवक फिरोजपुर से नशे की खेप लेकर आ रहे हैं। इस पर गांव मदनपुर के नजदीक नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी गई। इसी दौरान उन्होंने एक कार को रोक कर चेक किया तो उसमें सवार उक्त चारों युवकों को बाहर निकाला। इनकी तलाशी लेने पर एक युवक से 30 ग्राम हेरोइन, दूसरे युवक से कट्टा, तीसरे युवक से दो और चौथे युवक से 10 कारतूस बरामद किए गए।
पहले से नशा तस्करी में शामिल हैं आरोपी
एसटीएफ के एसएचओ आरडी शर्मा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि उन पर पहले से ही नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उन्होंने फिर से नशा तस्करी का धंधा शुरू कर दिया था और फिरोजपुर से करीब 1500 से 2000 प्रति ग्राम हेरोइन लाकर मोहाली में 3000 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेच रहे थे।