नयागांव। चार चोर बाजार में सोमवार रात अलग-अलग चोरी करने निकले। शटर तोड़ते एक चोर को जब दुकान मालिक ने दबोचा तो अन्य चोर भाग गए। लोगों ने चोर को पुलिस के हवाले कर दिया। मेन मार्केट में धारा इलेक्ट्रॉनिक शॉप पर आए युवक ने रात को शटर तोड़ने की कोशिश की। उस समय रोड पर काफी चहल-पहल थी।
इसके बावजूद चोर दुकान का शटर तोड़ने में लगा रहा। धारा इलेक्ट्रॉनिक के मालिक बंटी ने बताया उसका घर दुकान के ऊपर ही है। कुछ आवाज सुनाई देने लगी तो उसने सीसीटीवी में देखा कि एक लड़का दुकान का शटर तोड़ रहा है। उसने दुकान के अंदर से शटर उठाकर चुपचाप उसको पकड़ लिया। रोड पर हंगामा होता देख आने-जाने वाले लोग काफी संख्या में वहां इकट्ठा हो गए। इसके बाद पब्लिक ने उसकी खूब धुनाई की। आसपास के सीसीटीवी चेक किया तो पता लगा कि चार लोग चोरी करने निकले थे। शटर तोड़ने वाले लड़के की पिटाई होते देख बाकी तीन वहां से भाग गए।
मौके पर नयागांव मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान उमेश गुलयानी भी पहुंचे और एसएचओ को सूचित किया। मार्केट के प्रधान ने बताया कि शॉप के मालिक की सूझबूझ के चलते चोर पकड़ा गया। अगर दुकान के ऊपर कोई नहीं होता तो वह शॉप का पूरा सामान अपने बैग में डालकर ले जाता।