थानेदार और हवलदार समेत चार लोगों ने मार्केट के प्रधान पर किया हमला
पुलिसकर्मियों के शामिल होने के कारण पुलिस दर्ज नहीं कर रही थी केस
तीन बार आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर से मिलने पर 23 दिन के बाद दर्ज हुआ केस
संवाद न्यूज एजेंसी
खरड़। लांडरां रोड पर स्थित एक जिम के केयरटेकर के जिम में घुसकर एक थानेदार और एक हवलदार समेत चार लोगों ने हमला कर उसके साथ मारपीट की। जिम के केयरटेकर एवं वर्ल्ड वन मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान जेएस नेगी ने अपने साथ हुई वारदात की शिकायत खरड़ सदर पुलिस में दर्ज करवाई। लेकिन पुलिस ने इस मामले में पंजाब पुलिस के दो मुलाजिमों के नाम शामिल होने के कारण इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
खरड़ सदर पुलिस ने जब कोई कार्रवाई नहीं की तो जेएस नेगी ने आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर से मिलकर उनको मामले से अवगत कराया। आईजी भुल्लर ने एसपी (ग्रामीण) नवरीत सिंह विर्क को तुरंत जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया। जेएस नेगी ने बताया कि उनकी शिकायत पर आईजी भुल्लर ने खरड़ सदर के एसएचओ जगजीत सिंह को तुरंत कार्रवाई कर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। आईजी की दखलअंदाजी के बाद 23 दिन बीत जाने के बाद एफआईआर दर्ज हुई। लेकिन खरड़ पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर से जेएस नेगी संतुष्ट नहीं हैं।
बोले- आरोपियों को बचा रही पुलिस
जेएस नेगी ने कहा कि पुलिस आरोपियों को बचा रही है। एफआईआर में मुख्य जुर्म की धारा नहीं जोड़ी गई है। वह शुक्रवार को फिर आईजी भुल्लर से मिलेंगे। उन्होंने बताया कि वह लांडरां रोड पर वर्ल्ड वन सोसायटी में रहते हैं। इसी सोसायटी में एएसआई सतिंदर सिंह, हेड कांस्टेबल नवदीप सिंह, प्रभात शर्मा और जतिंदरपाल सिंह रहते हैं। इन्होंने मिलकर दो अप्रैल को उनकी गैर-हाजिरी में सोसायटी में एक बैठक की। इसमें उन्होंने जेएस नेगी को प्रधान पद से हटाने के कई प्रस्ताव पास किए। जिसे बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर डाल दिया। जेएस नेगी को जब पता चला तो उन्होंने इन्हें लीगल नोटिस भेज दिया। लीगल नोटिस से नाराज चारों लोगों ने अगले दिन तीन अप्रैल को रात करीब साढ़े 8 बजे जिम में छत के रास्ते से घुसकर मेरे ऊपर हमला कर मारपीट की। जेएस नेगी ने बताया कि उनके प्रधान पद को लेकर आरोपियों ने मारपीट की है।